शिमला, 13 जुलाई : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि हिमाचल भाजपा के कई नेता कांग्रेस में शामिल होने को आतुर हैं। उन्होंने मंगलवार को एक बयान में कहा है कि भाजपा के भीतर इस समय बड़ी अंतर्कलह चली है। कई नेता पार्टी के भीतर घुटन महसूस कर रहें है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। लोग भाजपा की नीतियों व निर्णयों से परेशान है। प्रतिभा सिंह ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मंत्री खिमी राम के कांग्रेस में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि उनके पार्टी में आने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
बता दें कि हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं मंत्री रहे खिमी राम शर्मा कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला की उपस्थिति में भाजपा को छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा। खीमी राम शर्मा बंजार क्षेत्र में खासा प्रभाव रखते हैं। वहीं, कुल्लू और मनाली विधानसभा क्षेत्रों में भी उनका प्रभाव है। वह धूमल गुट के प्रभावशाली नेता रहे हैं लेकिन गुटबाजी के कारण खीमी राम शर्मा की बंजार से टिकट काट दी गई थी। उनकी जगह सुरेंद्र शौरी को चुनाव मैदान में उतारा था।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद खीमी राम शर्मा ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं उस पार्टी में शामिल हो रहा हूं जिन्होंने देश को आजाद करवाने में अहम भूमिका निभाई है। इस देश में जहां सुई भी नहीं बनती थी आज हवाई जहाज बनते हैं। उन्होंने कहा में किसी गुस्से में या दबाब में कांग्रेस में शामिल नहीं हो रहा बल्कि बड़ी सोच समझ कर मैनें यह कदम उठाया है। अब कांग्रेस को आगे ले जाना है ओर यह तय है कि प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी।