शिमला, 10 जुलाई : हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े जिला कांगड़ा के पालमपुर में 12 जुलाई को आम आदमी पार्टी (आप) तिरंगा यात्रा निकालेगी। तिरंगा यात्रा में दिल्ली के मुख्यमंत्री व पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल होंगे।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज पंडित ने रविवार को बताया कि पालमपुर शहर के अंतिम छोर विशाल मैगावार्ट से शुरू होकर नेहरू चोक तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। तिरंगा यात्रा के माध्यम से दिल्ली के मुख्यमंत्री जनता को संदेश देंगे। तिरंगा यात्रा पूर्वान्ह करीब 11 बजे निकाली जाएगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर और बड़ी संख्या पार्टी कार्यकर्ता व आम लोग तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मंडी में अरविंद केजरीवाल ने बीते अप्रैल माह में तिरंगा यात्रा की शुरूआत की थी। इसके बाद से पूरे प्रदेश में बड़ी तादाद में लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ते जा रहे हैं। हाल ही में कुल्लू में शिक्षा मंत्री के गृह क्षेत्र में हुई ऐतहासिक तिरंगा यात्रा में जुटी अपार भीड़ से यह साबित हो गया था कि प्रदेश की जनता यहां की सरकार की शिक्षा व्यवस्था से दुखी है। पंकज पंडित के अनुसार केजरीवाल कहते हैं कि हम राजनीति करने नहीं, इसे बदलने आए हैं। उन्होंने कहा कि आप की बदलाव यात्रा प्रदेश के चारों लोकसभा क्षेत्रों में चल रही है। आम जनता भाजपा व कांग्रेस से दुखी है, और लोग बदलाव चाह रहे हैं।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों को लेकर 68 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुकी है। अरविंद केजरीवाल इससे पहले मंडी और कुल्लू जिलों में भी तिरंगा यात्रा निकाल चुके हैं। इनमें जुटी भीड़ से दोनों प्रमुख दल भाजपा व कांग्रेस में खलबली मची है। पालमपुर में होने वाली यह तिरंगा यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक जिले में हो रही है। केजरीवाल मई माह में कांगड़ा जिला में एक रैली को भी संबोधित कर चुके हैं।