नाहन, 2 जुलाई : सिरमौर भाजपा महिला मोर्चा ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बयान पर नाराजगी जाहिर की है। इस बाबत, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शिवानी वर्मा व महामंत्री पूजा तोमर के नेतृत्व में उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया गया है।
महिला मोर्चा ने कहा कि कांग्रेस नेत्री प्रतिभा सिंह का बयान समस्त नारी जाति को कलंकित करने वाला है। मोर्चे ने मांग की है कि प्रतिभा सिंह प्रदेश की जनता से माफी मांगे। अन्यथा भाजपा महिला मोर्चा राज्य में उनके खिलाफ बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगा।
बता दंे कि 28 जून 2022 को लाहौल-स्पीति में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेत्री ने कोटखाई के गुडिया प्रकरण को एक छोटी सी घटना करार दिया था। कांग्रेस नेत्री के इस बयान के बाद भाजपा महिला मोर्चा को मुद्दा मिल गया। हालांकि, प्रतिभा सिंह ने अपनी सफाई में कहा था कि उनके बयान को मीडिया में तोड़ मरोड़कर पेश किया गया।
महिला मोर्चा ने कहा कि आपत्तिजनक बयान के लिए प्रतिभा सिंह को तुरंत ही सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता भी मौजूद रहे।