नाहन, 27 जून : संघर्ष के बूते म्यूजिक वर्ल्ड में लाखों युवाओं की धड़कन बन चुके ‘राजीव राजा’ (Rajeev Raja) परिणय सूत्र में बंध गए हैं। मशहूर गायक राजीव राजा ने ठियोग की शिक्षा वर्मा संग 7 फेरे लिए हैं। दिलचस्प ये है कि राजीव ने अपनी लव स्टोरी को अंजाम तक पहुंचाया है।
सिंगर के चेहरे पर वैस ही मुस्कान थी, जैसी प्रशंसकों ने कई म्यूजिक एल्बम में देखी होगी। हालांकि, राजीव राजा के कई गीत यूट्यूब पर छाए हुए हैं, लेकिन ‘ये दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों….’गीत ने राजीव राजा को म्यूजिक की दुनिया में फलक पर पहुंचा दिया था।
मूलतः हिमाचल प्रदेश के राजगढ़ उपमंडल के रहने वाले राजीव राजा का हाल ही में ‘ये शराब’ गीत भी काफी पसंद किया गया।
खास बात ये थी कि राजीव राजा की शादी बेहद सादगी से पहाड़ी रीति-रिवाजों के मुताबिक हुई। 2019 में पझौता से ताल्लुक रखने वाले राजीव राजा ने माया नगरी मुंबई में पांव जमा लिए थे। बाॅलीवुड की अदाकारा माधुरी दीक्षित ने पहाड़ी युवक को ग्लोबल बिजनेस अवार्ड 2019 से अलंकृत किया था।
अलंकरण समारोह में 100 सैलिब्रिटीज के अलावा नामी राजनीतिक घराने मौजूद थे। शुरूआती दौर में यू टयूब चैनल पर खूब संघर्ष करने वाले राजीव राजा ने फ्रैंडस एनथम के लिए पुरस्कार जीते थे।
गौरतलब है कि राजीव राजा को हिमाचल का पहला गोल्डन यू टयूबर बनने का रुतबा भी हासिल है। 2019 अप्रैल में राजीव राजा के यू टयूब पर 10.9 लाख सब्सक्राइबर थे, जो मौजूदा में 1.64 मिलियन हो चुके हैं। करीब सवा तीन साल पहले 10 लाख का जादुई आंकड़ा पार करने पर यू टयूब द्वारा राजीव को गोल्डन प्ले बटन अवार्ड से अलंकृत किया गया था।
29 वर्षीय राजीव राजा ने मात्र 9 गीतों के आधार पर ही गोल्डन बटन हासिल किया था। दोस्ती के मायने बताने वाले गीत पर तो युवाओं में ऐसी खुमारी बढ़ी कि व्यूज करोड़ों में हैं।