हमीरपुर, 20 जून : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को हमीरपुर के पुलिस मैदान में संसदीय क्षेत्र के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित किया। आयोजन में काफी संख्या में भाजपा के जमीनी स्तर पर जुड़े कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। जिन्हें भाजपा त्रिदेव के नाम से पुकारती हैं। भाजपा कैसे एक सम्मेलन को एक बड़ा इवेंट बना देती है। यह दूसरी पार्टियों को भाजपा से सीखना चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों और कार्यक्रमों को प्रभावशाली तरीके से लोगों तक ले जाने और विपक्ष के झूठे प्रचार का भी प्रभावी ढंग से मुकाबला करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विश्व नेता संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान न केवल राष्ट्र का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन किया, बल्कि देशवासियों के लिए स्वदेशी टीका विकसित करने के लिए वैज्ञानिकों को प्रेरित भी किया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 वर्षों के पश्चात कोई सरकार पुनः सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि 389 सीटों में कांग्रेस के प्रत्याशियों और 377 सीटों पर आप के प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई। उत्तराखंड में पहली बार सरकार पुनः सत्ता में आई। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मणिपुर में पहली बार अपने दम पर जीत सुनिश्चित की और अब हिमाचल प्रदेश में भाजपा अपनी जीत सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमीरपुर संसदीय सीट पर लगातार नौ बार जीत हासिल की है। इस संसदीय क्षेत्र की जीत का श्रेय यहां के प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता को जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के हितों की अनदेखी की जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के विशेष श्रेणी राज्य के दर्जे को बहाल किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र-राज्य सरकारों के 90ः10 के औसत को भी बहाल किया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को विशेष औद्योगिक पैकेज भी अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा प्रदान किया गया था। उन्होंने कहा कि अटल सुरंग भी प्रदेश की जनता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उपहार है।
आईआईएम और एम्स जैसी परियोजनाएं भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य को स्वीकृत की गई और केंद्र में भाजपा सरकार के कारण ही चम्बा, सिरमौर, हमीरपुर और मंडी में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना संभव हो पाई। केंद्रीय शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने कहा कि भाजपा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में उभरी है और इसका श्रेय देश के प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता को जाता है। उन्होंने भाजपा के इस विकास का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य सत्ता प्राप्त कर शक्ति अर्जित करना नही है अपितु पार्टी के लिए सत्ता समाज सेवा का एक साधन है। इसी विचार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं को देश का प्रधान सेवक मानते हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बाहरी और आन्तरिक खतरों तथा प्राकृतिक आपदाओं के समय राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने में अग्निपथ योजना के माध्यम से प्रशिक्षित कर्मियों की उपलब्धता बढ़ेगी और यह योजना सशस्त्र बलों को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
उन्होंने कहा कि यह योजना एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करती है और समाज में वापिस लौटने पर युवाओं को पुनः रोजगार के पर्याप्त अवसर सुनिश्चित करती है। उन्होंने त्रिदेव से लोगों को भाजपा को समर्थन प्रदान करने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया ताकि प्रदेश का विकास निर्बाध जारी रहे।
सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में पार्टी का यह तीसरा त्रिदेव सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का राज्य और विशेष रूप से इस संसदीय क्षेत्र से होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता को जमीनी स्तर पर कार्य करना चाहिए ताकि आने वाले चुनावों में भाजपा फिर से सत्ता में वापसी कर सके।
उन्होंने राज्य के युवाओं के लिए अग्निपथ योजना शुरू करने के लिए मोदी सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना हर वर्ष 46,000 से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष राजनीतिक लाभ लेने के लिए युवाओं को गुमराह कर रहा है। उन्होंने प्रदेश के लोगों से भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया ताकि जय राम ठाकुर फिर से प्रदेश के मुख्यमंत्री बन सकें।
प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग, राज्यसभा के सदस्य प्रो. सिकंदर कुमार, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा, विधायक, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।