नाहन, 19 जून : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे जुड्डा का जोहड हेलीपैड पर लैंड हुए। मुख्यमंत्री सीधे ही हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप शिवपुरी में हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल अतुल कौशिक के आवास पर पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने परिवार को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप भी मौजूद थे। करीब एक घंटे तक वह यहां रुके। इसके बाद सीएम सीधे हेलीपैड से शिमला के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि रविवार सुबह ही मुख्यमंत्री के नाहन आने का कार्यक्रम बना था। मुख्यमंत्री करीब एक घंटे तक मेजर जनरल कौशिक के घर रुके। वरिष्ठ भाजपा नेत्री प्रतिभा कौशिक को भी पोते के आकस्मिक निधन पर सीएम ने शोक प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षति अपूरणीय है।
उधर, इस दौरान आम आदमी पार्टी ने “अग्निपथ योजना” के विरोध में रैली निकाली थी। चूंकि सीएम ने भी इस रूट से आना था लिहाजा पुलिस ने इन्हे शहीद स्मारक के समीप ही रोक दिया था।