नाहन, 19 जून : हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षण संस्थान विनियामक आयोग (HPPERC) के चेयरमैन मेजर जनरल अतुल कौशिक के बेटे प्रबल कौशिक के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दोपहर तक नाहन पहुंचेंगे। हालांकि आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं है लेकिन बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सिरमौर मुख्यालय आने की जानकारी प्रशासन को भी 10 बजे के आसपास मिली। सीएम का यह कार्यक्रम रविवार सुबह अचानक ही बना।
जानकारी मिल रही है कि मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से नवोदय स्कूल के समीप जुड्डा का जोहड़ में 1 बजे के आसपास लैंड करेंगे। इसके बाद वह मेजर जनरल कौशिक के शिवपुरी स्थित घर जाएंगे। जानकारी के मुताबिक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप रविवार सुबह ही शोकाकुल परिवार को मिलने पहुंचे थे। उल्लेखनीय है कि शनिवार 1:30 दोपहर 30 वर्षीय प्रबल कौशिक का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। इस दौरान स्थानीय विधायक डॉ राजीव बिंदल भी मौजूद थे।
बता दें कि भाजपा की वरिष्ठ नेत्री प्रतिभा सिंह के 30 वर्षीय पोते प्रबल कौशिक का निधन शनिवार सुबह 3 बजे के आसपास चंडीगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में हुआ था। यह बताया गया था कि वह करीब 1 महीने से बुखार की चपेट में था। दिवंगत प्रबल कौशिक देश की राजधानी दिल्ली में एक कंपनी में कार्य कर रहा था। करीब एक साल पहले ही शादी भी हुई थी। उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इस बात की तस्दीक की कि मुख्यमंत्री शोक व्यक्त करने आ रहे हैं।