ऊना, 16 जून : औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित एक उद्योग में लेबर प्रोवाइडर कांट्रेक्टर के रूप में कार्यरत एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। व्यक्ति का शव उसके किराए के कमरे पर कपड़े सुखाने वाली तार से झूलता हुआ मिला। मृतक के कमरे से पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। इसके चलते आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मृत व्यक्ति की पहचान हमीरपुर जिले के उपमंडल नादौन के अंतर्गत आने वाले अप्पर हलेटा गांव का अंकुर शर्मा पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। पिछले कुछ समय से गगरेट स्थित एक उद्योग में लेबर प्रोवाइडर का काम कर रहा था। वह गगरेट कस्बे में ही एक किराए के कमरे में रह रहा था। वीरवार सुबह उसके मकान मालिकों ने अंकुर को कपड़े सुखाने वाली तार से लटका हुआ पाया।
बहरहाल पुलिस ने मौत के पुख्ता कारणों को जानने के लिए घटनास्थल पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलाया है, जबकि मृत के शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए शव टांडा मेडिकल भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसकी सूचना गगरेट पुलिस को दी गई। जिस पर गगरेट पुलिस ने मौका पर पहुंच कर बारीकी से छानबीन की।
बताया जा रहा है कि अंकुर के कमरे को जाने वाली सीढ़ियों पर भी कुछ खून के धब्बे पड़े हुए थे। अब उसने यह कदम क्यों उठाया हर किसी की समझ से परे है। हालांकि पुलिस ने भी मौत के पुख्ता कारणों को जानने के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट की भी मदद ली है।
एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस गहनता से मामले की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पुख्ता खुलासा हो पाएगा।