शिमला, 15 जून : कोविड के कारण दो साल से लटकी सेना भर्ती अब नई योजना के साथ शुरू होने जा रही है। रक्षा मंत्रालय ने अग्निपथ योजना का शुभारंभ किया है, जिसमें चार साल के लिए सेना में युवा भर्ती हो सकते हैं और देश की सेवा में योगदान का सपना पूरा कर सकते हैं। वीरवार से इस योजना के तहत भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
साढ़े 17 साल से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवा लड़के और लड़कियां इसके लिए पात्र होंगे। भर्ती प्रक्रिया में मापदंडों में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है, जबकि सैलरी का अच्छा प्रावधान किया गया है।
शिमला में पत्रकारवार्ता कर कमांडिंग इन चीफ आरर्ट्रेक लेफ्टिनेंट जनरल एसएस महल ने बताया कि अग्निपथ योजना के माध्यम से चार साल सेवा के बाद 25 फीसदी जवानों को वापिस रेगुलर आर्मी में जाने की छूट भी रहेगी। जबकि 75 फीसदी को सेवा से रिटायर कर समाज में वापस भेज दिया जाएगा।
सेना ने भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय ने मिलकर यह विचार किया है। जवान को 6 लाख प्रति वर्ष से लेकर सेवानिवृत्ति के समय करीब 11 लाख की राशि दी जाएगी। इस साल 46 हजार अग्नि वीरों की भर्ती की जाएगी। पहली भर्ती प्रक्रिया में युवाओं को छह महीने की ट्रेनिंग दी जाएगी।