मंडी, 14 जून : देश में भारतीय जनता पार्टी अपने परिवार को नहीं बल्कि देश बनाने में लगी हुई है। यह तंज केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने मंडी दौरे के दौरान विपक्ष पर कसा है। भारत सरकार के केंद्रीय जलशक्ति मंत्री मंगलवार को मंडी जिला के सुंदरनगर में आयोजित मंडी संसदीय क्षेत्र के त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि देश में मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने बातों ही बातों में कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इनकी सरकारों के समय में गरीबों के बारे में कभी नहीं सोचा गया।
शेखावत ने त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा नए भारत को बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इसमें त्रिदेव अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र के 17 में 14 विधानसभा क्षेत्रों से आए त्रिदेवों से आह्वान किया कि वे आने वाले चुनावों में जीत दर्ज करने के लिए फील्ड में जुट जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को टिप्स देते हुए कहा कि वे आज से ही अपने-अपने बूथ को मजबूत करने का प्रयास करें। केंद्र और प्रदेश के कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ जन-जन तक पहुंचाएं।
गजेंद्र ने कहा कि नए भारत के निर्माण के लिए जो कार्य बीते 55 वर्षों से लंबित पड़े हैं या जो विकास का एक गैप पड़ गया है उसे सभी मिलकर आने वाले 25 वर्षों तक भाजपा के सरकार केंद्र और हिमाचल प्रदेश में बनाकर कमी को पूरा करने का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश के जलशक्ति विभाग में पूरे देश में बेहतर कार्य करने के लिए बधाई भी दी। इसके उपरांत उन्होंने सुंदरनगर शहर के लिए करीब 23 करोड़ रूपये की लागत से बनी उठाउ पेयजल योजना को जनता को समर्पित किया।
वहीं, इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर मौजूद मंडी संसदीय क्षेत्र के त्रिदेवों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन से ही सरकार बनती है और आने वाले समय में भी प्रदेश में एक बार भाजपा एक बार कांग्रेस की सरकार बनने के रिवाज को समाप्त करने के लिए संगठन पूर्व की तरह बेहतर कार्य करेगा। इसके साथ ही मीडिया के सवालों के जवाब में सीएम ने बताया कि राजधानी शिमला में पेयजल संकट कांग्रेस के समय में किए गए अवैज्ञानिक कार्यों के चलते गरमया। लेकिन प्रदेश की सरकार ने लोगों को सुविधा देने के लिए करोड़ों के योजनाएं शुरू की है जिससे अब लोगों को पेयजल की कोई दिक्कत नहीं है।
उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के द्वारा देश में अग्निपथ योजना चलाने के निर्णय की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को देश सेवा करने का मौका मिलेगा और देश को भी मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने मोदी द्वारा आने वाले समय में 10 लाख युवाओं को रोजगार देने की घोषणा का भी स्वागत किया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मारकंडा, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, स्थानीय विधायक राकेश जम्वाल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा सुरेश कश्यप, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, 14 विधानसभा से विधायक, प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी रजत ठाकुर सहित त्रिदेव मौजूद रहे।