मंडी, 11 जून : हिमाचल प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों के विकास एवं विस्तारीकरण पर एक विशेष प्रोजेक्ट के माध्यम से 2250 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जा रही है। इससे जहां विभिन्न पर्यटक स्थलों में आधारभूत सुविधाओं के ढांचे को मजबूत किया जाएगा। वहीं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी अहम कदम उठाए जाएंगे।
यह बात हिमाचल प्रदेश के जलशक्ति, बागवानी, राजस्व व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने शनिवार को मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली में तीन दिवसीय जंजैहली पर्यटन उत्सव-2022 के शुभारंभ मौके पर कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनछुए पर्यटन स्थलों को जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार ने नई मंजिलें नई राहें योजना के माध्यम से भी जहां पर्यटन गतिविधियों को विकसित किया जा रहा है तो वहीं नये व अनछुए पर्यटन गंतव्यों से पर्यटकों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। महेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र का जंजैहली व आसपास का क्षेत्र भी पर्यटन की दृष्टि से अहम है तथा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में इस क्षेत्र को भी विकसित करने की दिशा में हर संभव प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि जंजैहली पर्यटन उत्सव का आयोजन भी इस दिशा में एक बेहतरीन कदम है इससे न केवल यहां के पर्यटन बल्कि यहां की कला व संस्कृति को भी जानने अवसर प्राप्त होगा। कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि सराज क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रूपयों से विभिन्न पेयजल योजनाओं पर कार्य जारी है और सराज में आज कोई भी घर बिना नल के नहीं है।
महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र बागवान बहुल्य क्षेत्र है जिसके चलने यहां पर बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय सोलन का कॉलेज भी इस क्षेत्र में स्थापित किया गया है। इसके अलावा आने वाले समय में बागवानों की सुविधा के कोल्ड स्टोर भी स्थापित किया जाएगा ताकि यहां के किसानों व बागवानों को उनकी फसलों का सही व उचित दाम मिल सके।
इससे पहले जंजैहली उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम थुनाग पारस अग्रवाल ने मुख्यातिथि का शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर आयोजन समिति की ओर से हार्दिक स्वागत किया। जंजैहली पर्यटन उत्सव के शुभारंभ मौके पर विभिन्न महिला मंडलों द्वारा निकाली गई झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान जहां महिला मंडलों ने इन झांकियों के माध्यम से क्षेत्र की कला व संस्कृति को प्रस्तुत किया तो वहीं लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर जलशक्ति विभाग के इंजीनियरिंग इन चीफ धर्मेंद्र गिल, प्रदेश भाजपा कार्य समिति के सदस्य गुलजारी लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग व अन्य गण्यामान्य व्यक्ति मौजूद रहे।