मंडी, 9 जून : अयोध्या में राम मंदिर को तोड़कर वहां पर मस्जिद बनाने के विरोध में हुए संघर्ष में देश में अपनी देव संस्कृति व परंपराओं के लिए जाने वाले पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश ने अपना अहम योगदान दिया है। देश की देव संस्कृति को बनाए रखने को किए गए भाजपा के इस कार्य से अब आम जनता भी बीजेपी को मंदिर बनाने वाली सरकार मानने लगी है।
यह बात हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को अपने मंडी प्रवास के दौरान द्रंग विधानसभा क्षेत्र के श्री गणपति मंदिर भटवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। यहां पर आयोजित देव दर्शन समारोह के दौरान सीएम ने देवी देवताओं के आगे शीश नवाकर सभी के मंगल भविष्य की कामना की।
इस दौरान मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब देश में राम मंदिर को तोड़ा गया था, तब हिमाचल प्रदेश सहित अन्य तीन राज्यों की सरकारों को भी तोड़ा गया था। जिसके बाद एक लंबे संघर्ष के बाद अब न्यायालय ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने का फैसला दिया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार देश में धर्म और संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर बल दे रही है।
इस मौके पर प्रदेश के सीएम ने कहा कि द्रंग को वे अपने विधानसभा क्षेत्र की तरह मानते हैं। उन्होंने बताया कि सराज और द्रंग में बहुत सी बातों में समानता है। जयराम ने कहा कि अगर मंदिर बनाने वाली सरकार को बनाना है तो उसमें द्रंग विधानसभा का साथ बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि द्रंग के विधायक भी अपने क्षेत्र के विकास में लगे हैं सरकार द्वारा विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी समय में द्रंग के हिस्से का बजट सराज में लगाने पर लोग नाराज हुए, लेकिन आज देवी-देवताओं के आशीर्वाद से मंडी को सीएम मिला है और द्रंग का हिस्सा हमेशा उसे ही मिलेगा।
सीएम जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेसी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं लेकिन आने वाले समय में उनका इंतजार जाया होने वाला है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस की नीयत और नीतियों को देश भर में जनता ने दरकिनार किया है वैसे ही हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस का हाल होने वाला है। उन्होंने कहा कि देवी देवताओं और प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से इस बार जिसकी बारी सरकार चलाने की है उसकी ही चलती रहेगी।
इससे पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने मंडी जिला के द्रंग के भटवाड़ी में 2 करोड़ 32 लाख की लागत से निर्मित उठाऊ जलापूर्ति योजना का लोकार्पण किया। इसके साथ करीब 65 लाख रुपए की लागत से बने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट सनोर ज्वालापुर के भवन का लोकार्पण भी किया।
सीएम ने श्री गणपति मंदिर भटवाड़ी और श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर कोट खमराधा में भाषा एवं संस्कृति विभाग को पर्यटन की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए। वहीं इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं की घोषणाएं की। इस मौके पर उनके साथ विधायक जवाहर ठाकुर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।