संगड़ाह, 07 जून: उपमंडल संगड़ाह की नौहराधार तहसील की चोकर पंचायत के प्रवीण ठाकुर ने लेफ्टिनेंट बन इलाके का मान बढ़ाया है। वो 2011 में सेना में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। इसके बाद काबिलियत के बूते लांस नायक बने।
वर्तमान में बैंगलुरु में भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे है। इन्होंने कई बार लेफ्टिनेंट की परीक्षा दी थी, मगर असफल होते रहे। बावजूद इसके हार नहीं मानी। आखिर में प्रवीण ने टैस्ट क्वालीफाई कर सैन्य अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया है। दो वर्ष तक अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण लेंगे, फिर लेफ्टिनेंट बनकर सेना में देश की सेवा करेंगे।
ग्राम पंचायत चोकर के छोटे से गांव शिल्ली-भंगाड़ी के किसान गुमान सिंह के घर जन्मे प्रवीण का बचपन से ही सेना में अधिकारी बनने का सपना रहा। प्रारंभिक पढ़ाई पैतृक गांव में ही हुई, जबकि नौवीं से बाहरवीं तक की पढ़ाई वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नौहराधार से की। जमा दो करने के बाद 2011 में यह भारतीय सेना (Indian Army) में भर्ती हुए।
परिजनों ने भी बेटे के हौसले को बढ़ाया और उसे सेना अधिकारी बनने के लिए प्रेरित किया। सेना में कमीशन पास करते परिवार को गौरवान्वित किया है। प्रवीण ठाकुर दूरदराज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बने है। बेटे की कामयाबी से क्षेत्र में खुशी की लहर है।
प्रवीण ठाकुर ने बताया कि, वह देश सेवा करने में अपनी जान तक को न्यौछावर करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि देश सेवा ही परम कर्तव्य होगा।