नाहन, 03 जून : विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण समिति नाहन द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 4 जून शनिवार को प्रातः 10 बजे शिशु विद्या निकेतन स्कूल में आयोजित किया जाएगा। पर्यावरण समिति के अध्यक्ष डॉ सुरेश जोशी ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को मनाया जाता है लेकिन इस दिन रविवार होने के कारण प्रतियोगिता का आयोजन एक दिन पहले शनिवार 4 जून को किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए कुछ नियम निर्धारित किए गए हैं। प्रतियोगिता में तीन ग्रुप होंगे। पहला ग्रुप प्राइमरी ग्रुप होगा, जिसमें पहली कक्षा से पांचवी कक्षा के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। दूसरा मिडिल ग्रुप होगा, जिसमें कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। तीसरा ग्रुप सीनियर होगा, जिसमें नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।
प्राइमरी ग्रुप के लिए प्रकृति का चित्र, जिसमें पेड़ व पानी किसी न किसी को दिखाया जाना थीम रहेगा। मिडल ग्रुप के लिए पर्यावरण सुरक्षा व सीनियर ग्रुप को विश्व पर्यावरण दिवस पर पोस्टर बनाना होगा।प्रत्येक स्कूल से केवल एक ही छात्र प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। ड्राइंग शीट पर्यावरण समिति द्वारा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी विद्यार्थियों को रंग, फुटरुल, पेंसिल रबड़ आदि स्वयं लाने होंगे।
सभी प्रतिभागियों को 9:45 पर प्रतियोगिता में पहुंचना होगा, ताकि जल्द प्रतियोगिता शुरू की जा सके।
पर्यावरण समिति के अध्यक्ष सुरेश जोशी ने सभी स्कूल ड्राइंग अध्यापकों से अनुरोध किया है कि अपनी स्कूल टीमों के साथ इस कार्यक्रम में अवश्य आएं। उन्होंने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज़ करवाना सुनिश्चित करें।