नाहन, 3 जून : बनोग-जाबल का बाग के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय रक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रपति से स्वीकृति मिलने के बाद नाहन आर्मी क्षेत्र से संबंधित इस सड़क के निर्माण को अनुमति प्रदान कर दी है।
दरअसल, पांच किलोमीटर लंबे इस मार्ग में लगभग 300 मीटर क्षेत्र सेना के अधीन था। इसी कारण कार्य धारक्यारी में अधर में लटक गया था। हालांकि दोनों तरफ निर्माण कर लिया गया था, लेकिन सड़क इस 300 मीटर क्षेत्र में नहीं बन पा रही थी।
स्थानीय विधायक डॉ. राजीव बिंदल की मानें तो रक्षा मंत्रालय ने सड़क निर्माण के लिए कुल 1783.2674 वर्गमीटर रकबे पर निर्माण को मंजूरी प्रदान की है। इसमें पांच पुलियों का निर्माण किया जाएगा। इस भूखंड की एवज में 1 करोड़ की राशि रक्षा मंत्रालय को दी जाएगी।
बिंदल ने कहा कि इस मसले को वो लगातार अलग-अलग मंचोें पर उठा रहे थे। बता दें कि सड़क के निर्माण से जलापड़ी, रामकुंडी, सिंबलवाड़ा, रोडावाली, धारक्यारी, विक्रम कैसल, मझौली, गदपेला व कोटली इत्यादि गांवों को फायदा मिलेगा।
नाहन के सैन्य क्षेत्र के साथ सटे कई गांवों को सड़क सुविधा के अभाव में दिक्कतों का सामना करना पड़ता हैै। बिंदल ने ये भी कहा कि कैंट क्षेत्र में सेना व सिविल के बीच राजस्व रिकॉर्ड में गलत इंद्राज को सही करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि आर्मी सिविल का विवाद लगभग 5 दशक पुराना है।