मंडी, 02 जून : 4 जून को जिला में संत निरंकारी मिशन का एक विशाल और भव्य आयोजन किया जाएगा। यह समागम सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा। निरंकारी संत समागम में देश विदेश से लगभग हजारों की तादाद में संगत भाग लेंगी।
धार्मिक और आध्यात्मिक समागम मंडी शहर के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में 4 जून को दोपहर 2 से 4 बजे के बीच में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज आई हुई संगतों को एक को जानो एक को मानो और एक हो जाओ का संदेश देंगी। वीरवार को मंडी में कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए संस्था के मीडिया सहायक कुमी राम ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज हिमाचल प्रदेश में कल्याण यात्रा पर निकली हैं जिसके तहत उनका मंडी में कार्यक्रम रखा गया है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर मंडी शहर के पड्डल मैदान में तैयारियां जोरों पर चली हुई हैं। उन्होंने बताया कि मिशन का कोई नया नहीं बल्कि वर्षों पुराना लोक कल्याण ही एक मात्र लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि समागम के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक ज्ञान देने के साथ-साथ लोक कल्याण करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मिशन इसके साथ स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा है। इसके साथ ही मिशन आपदा के समय में भी सरकार और प्रशासन का हर संभव सहयोग करता है। उन्होंने बताया कि समागम का लक्ष्य केवल लोक कल्याण करना है और इसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है।