नाहन, 30 मई : 31 मई को शिमला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की रैली के मद्देनजर सिरमौर में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस सेवा बुरी तरह से प्रभावित हो सकती है। काफी हद तक ये तय माना जा रहा है कि लोकल रूटस पर बसें उपलब्ध नहीं हो पाएंगी।
हालांकि, निगम ने जुगाड़ कर रिकांगपिओ, रामपुर, उना व तारा देवी से 43 बसें मंगवाई हैं। लेकिन माना जा रहा है कि इन बसों का इस्तेमाल भी लाॅन्ग रूटस पर हो सकता है।
खास बात ये है कि रूट प्रभावित होने का अंदाजा निगम के अधिकारियों को भी है। यही कारण है कि जब सोमवार को नाहन डिपो (Nahan Depot) के ट्रैफिक मैनेजर नवीन शर्मा से जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने यह कहकर फोन काट दिया कि वो डीसी साहब के पास जा रहे हैं।
दिलचस्प बात ये थी कि ट्रैफिक मैनेजर को रूट को लेकर कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना था कि 130 में से 122 बसें रैली में जा रही हैं, जबकि खंगालने पर पता चला कि नाहन डिपो के पास 120 में से 8 बसें ऑक्शन के लिए खड़ी हैं, जबकि 7 बसें मैकेनिकल फाॅल्ट की वजह से खड़ी हैं।
बाहरी डिपुओं से 43 बसों के मिलने के बाद 31 मई को नाहन डिपो में केवल 69 बसें ही उपलब्ध होंगी, जबकि कुल रूट 153 के आसपास हैं।
बताया गया कि पीएम की मंडी रैली में भी काफी बसें गई थी। लेकिन इस बार आंकड़ा अधिक है। ऐसा भी माना जा रहा है कि 31 मई को ग्राउंड पर केवल 50 के आसपास ही बसें सड़कों पर दौड़ेंगी।
उधर, ये भी संभावना है कि निजी बसों में ओवरलोडिंग हो सकती है। अगर निजी बसें भी पीएम की रैली में जा रही होंगी तो मंगलवार को सिरमौर में परिवहन सेवा पूरी तरह से चरमरा सकती है।
ये भी जानकारी मिली है कि निगम की बसें पांचों विधानसभा क्षेत्रों के अलग-अलग स्टेशनों से मंगलवार सुबह शिमला के लिए रवाना होंगी।
सवाल ये भी उठता है कि निगम के अधिकारी पब्लिक को सही जानकारी देने के लिए आगे कदम क्यों नहीं बढ़ाते हैं, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। निगम अपने स्तर पर इस बात को छिपाने की कोशिश करता है कि बसें उपलब्ध नहीं होंगी।
कुल मिलाकर निगम की बसों में गंतव्य तक खासकर लोकल यात्रियों को घर से निकलने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि स्टॉप पर बस आएगी भी या नहीं।