शिमला, 28 मई : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने युवा कांग्रेस कार्यो की सराहना करते हुए कहा है कि पार्टी की मजबूती में उनका बहुत बड़ा योगदान है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शनिवार को युवा कांग्रेस के राज्य पदाधिकारियों व जिला अध्यक्षों की समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि पेपर लीक मामले में उनका आंदोलन बहुत ही सराहनीय है।
इस आंदोलन में आम लोगों को भी जोड़ा जाना चाहिए, क्योंकि पुलिस भर्ती पेपर लीक मामला प्रदेश के युवाओं के साथ एक बड़ा धोखा हुआ है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस आंदोलन को गति देने के लिये प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां भी तय की जाएगी। बैठक में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अपने अपने जिलों में भाजपा सरकार के खिलाफ किये जा रहे जन आंदोलनों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि सगंठन की ओर से जो भी आदेश उन्हें मिलते है उन्हें वह पूरी निष्ठा से पूरा करते है।
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में युवा चेहरों को भी मौका दिया जाना चाहिए। युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर ने कहा कि वर्तमान युवा कांग्रेस का दो वर्ष का कार्यकाल पूरा हो गया है।उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने जिस प्रकार उप चुनावों में अपनी सशक्त भागीदारी निभाई है उसी प्रकार आने वाले चुनावों में पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाएगी।