शिमला, 27 मई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 31 मई को राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर रैली को संबोधित करेंगे। केंद्र में मोदी सरकार के आठ साल पूरे होने के उपलक्ष्य पर होने वाली इस रैली में मौसम खलल डाल सकता है। दरअसल मौसम विभाग ने 31 मई तक मौसम के खराब रहने की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में आगामी चार दिन तक बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान उच्च पर्वतीय भागों में बर्फ गिरने की भी संभावना है। रैली से एक दिन पहले 30 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। प्रधानमंत्री की शिमला रैली के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। इसके लिए रिज मैदान पर एक भव्य पांडाल बनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए रिज मैदान, माल रोड सहित शहर की मुख्य सड़कों को चकाचक कर दिया गया है। भाजपा की ओर से इस रैली में 50 हजार की भीड़ जुटाने का दावा किया गया है। इस बीच शुक्रवार को राजधानी शिमला में आसमान पर बादल छाए रहे। इससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
शिमला में अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री, कुफरी में 17.9 डिग्री, सोलन में 30 डिग्री, कोटखाई में 26.7 डिग्री, नाहन में 31 डिग्री, नारकंडा में 18.8 डिग्री, बिलासपुर में 35.5 डिग्री, बरठीं में 34.5 डिग्री, उना में 38.6 डिग्री, सुंदरनगर में 33.4, हमीरपुर में 34.6 डिग्री, कल्पा में 23.1 डिग्री, रिकांगपिओ में 27.6 डिग्री, भुंतर में 31.9 डिग्री, सियोबाग में 30.8 डिग्री, पालमपुर में 28.7 डिग्री, धर्मशाला में 32 डिग्री, कांगड़ा में 34.5 डिग्री, उल्हौजी में 22.5 डिग्री, चंबा में 33.7 डिग्री, केलांग में 21.7 डिग्री और कुमारसेन में 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।