रोनहाट/चौपाल, 26 मई : हिमाचल के शिमला जनपद के चौपाल में एक मेहनतकश किसान (Farmer) ने सात फ़ीट आठ इंच का धनिया (Coriander) का पौधा उगा कर कीर्तितमान बनाया है। साथ ही कृषि वैज्ञानिकों को खोज का विषय भी दिया है। यदि ये दावा सही पाया जाता है तो वर्ल्ड रिकॉर्ड (World Record) भी हो सकता है। ये अनोखी उपलब्धि चौपाल की झिकनीपुल के विशाल चौहान ने हासिल की है।
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स (The Guinness World Record) के मुताबिक “सबसे लंबा धनिया का पौधा (The talles tcoriander plant ) 2.16 मीटर (7 फीट 1 इंच) उगाने का रिकॉर्ड उत्तराखंड के गोपाल के नाम दर्ज है, इसे गोपाल उप्रेती द्वारा रानीखेत, उत्तराखंड (Uttarakhand farmer) में उगाया गया था। इस पौधे को 21 अप्रैल 2020 को मापा गया था। इससे पहले 5 फ़ीट 9 इंच के पौधे का रिकॉर्ड था।
चूंकि धनिया को पॉलीहाउस या किसी कृत्रिम आवरण का उपयोग किए बिना उगाया जाता है, इसलिए फसल को कभी-कभी कठोर हिमालयी मौसम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। चौपाल की झिकनीपुल पंचायत के जड़ाना निवासी विशाल चौहान प्रति वर्ष धनिये की खेती करते है। आम तौर पर वह हरा धनिया (Coriandrum Sativum) ही बेचते थे, परन्तु इस साल उन्होंने प्रयोग के तौर पर धनिये के कुछ पौधे बीज (Plant seeds) के लिए संरक्षित कर लिए थे। यह पौधे बढ़ कर पांच फ़ीट से भी अधिक ऊंचे हो गए है। इनमे से एक पौधे की ऊंचाई तो सात फ़ीट आठ इंच पंहुच गई है।
#Watch Video : https://youtu.be/za15boj4yNk
सूचना मिलने पर कृषि प्रसार अधिकारी (Agricultural extension officer) नेरवा राहुल पठानिया ने मौके पर जा कर इन पौधों की ऊंचाई का माप लिया। राहुल पठानिया ने बताया कि विशाल द्वारा उगाए गए धनिये के पौधों का माप लेकर रिपोर्ट विभाग को सौंप दी है। विशाल चौहान किसान के साथ-साथ एक सामाजिक कार्यकर्ता भी है।
विशाल ने अपने स्तर पर भी धनिये का बीज वैज्ञानिक जांच (seed scientific investigation) के लिए चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के वैज्ञानिकों को भेजा है। वह पिछले कई सालों से जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी कार्य कर रहे है। वह अपने खेतों में जैविक सब्जियां उगा कर नए नए प्रयोग करते रहते है। उनकी इन प्रयोगात्मक गतिविधियों के परिणामस्वरूप ही धनिये के पांच फीट से भी ऊँचे पौधे तैयार हुए है।
विशाल चौहान ने विशेष बातचीत करते हुए कहा कि वो पिछले 10-12 सालों से बंद गोभी, फूल गोभी, पालक, मूली, लौकी आदि सब्जियों के अलावा धनिये की जैविक विधि से खेती कर रहे है। इस साल उन्होंने धनिये के कुछ पौधों को अपना बीज तैयार करने के उद्देश्य से सुरक्षित कर लिया था। यह पौधे कुछ ही दिनों में बढ़ कर पांच फीट तक पहुंच गए।
विशाल ने कहा कि उनके लिए यह किसी अचंभे (Marvel) से कम नहीं है। इन पौधों को गिरने और टूटने से बचाने के लिए विशेष देखभाल करनी पड़ती है। उनकी लम्बाई बढ़ने पर यह गिर या टूट ना जाए,इसके लिए पौधों को लकड़ी की टहनियों से सहारा दिया गया है।
गोपाल का रिकॉर्ड 2021 में टूट गया था। उत्तराखंड के रामनगर भवानीगंज निवासी दलबीर सिंह ने मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया) रिकॉर्ड तोडा था, जिसकी ऊंचाई 7 फीट 4.5 इंच (2.25 मीटर) थी। धनिया के इस पौधे को वर्ष 2021 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया था।