कांगड़ा, 21 मई : हिमाचल प्रदेश में शनिवार को चलती कार का टायर फटने के कारण दर्दनाक हादसा हुआ है। कांगड़ा जनपद के मील-रानीताल मार्ग पर लपियाना के नजदीक अचानक ही कार का टायर फट गया।
अनियंत्रित होकर कार दीवार से जा टकराई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन जख्मी हुए हैं। मृतक महिला की पहचान 55 वर्षीय सुनीता के तौर पर हुई है। महिला का पति कीकर सिंह ही कार को चला रहा था।
परिवार देहरा के समीपवर्ती गांव में मृतक महिला के परिवार में हुई मौत पर अंतिम संस्कार से लौट रहा था। घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। शाहपुर पुलिस ने पुष्टि करते हुए कहा कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।