नाहन, 16 मई : ऐतिहासिक शहर नाहन की खूबसूरती को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर चार चांद लगे हैं। रियासतकाल के जमाने में शुरू हुई महिमा लाइब्रेरी के आंगन में भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की गई है।
सांसद सुरेश कश्यप ने स्थानीय विधायक डॉ. राजीव बिंदल की मौजूदगी में भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। एक अरसे से शहर में भगवान बुद्ध की प्रतिमा को स्थापित करने की कोशिश चल रही थी, ये कोशिश सोमवार को फलीभूत हो गई।
खास बात ये है कि बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर नाहन को भगवान बुद्ध की आकर्षक प्रतिमा मिली। इसमें कोई दो राय नहीं है, भगवान बुद्ध मनुष्य के जीवन के हर पहलू में प्रेरणादायक हैं। मूर्ति की स्थापना के लिए एक कृत्रिम वटवृक्ष भी शोभा में चार चांद लगा रहा है। केवल एक बात ये है कि प्रतिमा की मेंटेनेंस की जिम्मेदारी नगर परिषद सही तरीके से निभाती रही।
अनावरण कार्यक्रम में अखिल भारतीय कोली समाज की सिरमौर इकाई के अध्यक्ष संजय पुंडीर भी मौजूद थे। बता दें कि इससे पहले शहर में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप, महाराज अग्रसेन व हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार इत्यादि की प्रतिमाएं भी स्थापित हो चुकी है।
उधर, सांसद सुरेश कश्यप ने प्रदेश वासियों को बुद्ध पूर्णिमा की बधाई देते हुए कहा कि ये उनका सौभाग्य है कि उन्हें भगवान बुद्ध की प्रतिमा का लोकार्पण करने का अवसर मिला है। भगवान बुद्ध का त्यागमय जीवन, अहिंसा, करुणा व मैत्री संदेश अनंतकाल तक मानव समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत रहेगा।
विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि बौद्ध धर्म का उदय भारत की पवित्र धरा पर हुआ और समूचे विश्व में फैला। बिंदल ने कहा कि हमें गौरव है कि भगवान बुद्ध का अवतरण भारत की पवित्र भूमि पर हुआ। विश्व ने बौद्ध धर्म को स्वीकार किया। बिंदल ने कहा कि भगवान बुद्ध की प्रतिमा की स्थापना से हमारी पीढ़ियां प्रेरणा व मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।