कांगड़ा/आशीष शर्मा : जनपद के वार्ड नंबर चार में सुबह 30 वर्षीय युवक कुएं में गिर गया। जानकारी के अनुसार घटना सुबह 5 बजे की बताई जा रही है। अग्निशमन विभाग कर्मचारियों को वार्ड चार के ही सचिन शर्मा ने फोन पर इसकी जानकारी दी। जिस पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर युवक को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। युवक की पहचान (30) प्रभात सिंह निवासी तरसू के रूप में हुई है, जो कांगड़ा के डूंगा बाजार में एक निजी रेस्टोरेंट में काम करता है।
अग्निशमन विभाग के अधिकारी अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि युवक को बचाने के लिए सुबह 5:15 पर ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था और विभाग के दो कर्मचारियों को रस्सी के सहारे कुएं के अंदर भेजा गया। जिन्होंने युवक को रस्सी से बांधकर बाहर निकाला।
उन्होंने बताया कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन को खत्म करने के लिए करीब आधे घंटे का समय लगा। वहीं अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की बदौलत युवक की जान बच गई। फ़िलहाल पूछताछ के बाद ही पता चलेगा कि युवक कुएं में कैसे गिरा।