कुल्लू, 16 मई : हिमाचल प्रदेश की बंजार घाटी में पर्यटकों के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से चार की मौत हो गई, हादसे में तीन जख्मी हुए हैं। हादसा, नेशनल हाईवे 305 पर घियागी के समीप बीती रात हुआ।
वाहन में 7 पर्यटक सवार थे। इसमें से चार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रात भर हादसे की सूचना पुलिस व प्रशासन को नहीं मिली। सुबह काम के लिए जा रहे मजदूरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
घायलों को 108 में बंजार अस्पताल पहुंचाया गया। शुरूआती जानकारी के मुताबिक कार (DL01-NA2124) शोझा से बंजार की तरफ जा रही थी। घियागी के नजदीक अनियंत्रित होकर 200 मीटर खाई में जा गिरी। मृतकों में तीन पुरुष व एक महिला शामिल है। अस्पताल में दो महिलाओं समेत तीन का उपचार चल रहा है।
चूंकि टैक्सी का नंबर दिल्ली में पंजीकृत है, लिहाजा ये माना जा रहा है कि पर्यटक दिल्ली से हिमाचल घूमने आए थे। एक अन्य जानकारी के मुताबिक घायलों में दो की पहचान 26 वर्षीय आस्था भंडारी व 27 वर्षीय साक्षी के तौर पर की गई है।
गौरतलब है कि रविवार सुबह सिरमौर के हरिपुरधार में भी पर्यटकों की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसमें हरियाणा के चार पर्यटक जख्मी हुए थे।