शिमला,15 मई : हिमाचल प्रदेश में मई के महीने में रिकार्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में आसमान से बरसती आग ने लोगों का सूकून छीन लिया है। गर्मी के प्रकोप से पहाड़ भी अछूते नहीं हैं।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को ऊना और शिमला में मौसम का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। ऊना में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और राजधानी शिमला में 30.4 डिग्री पहुंच गया है। राज्य के अन्य शहरों के तापमान में भी बढ़ौतरी हुई है।
रविवार को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री की बढ़ौतरी दर्ज हुई है। कांगड़ा का पारा इस सीजन में पहली बार 41 डिग्री पहुंचा है।
दो साल बाद कांगड़ा में सबसे अधिक तापमान रिकार्ड हुआ है। इसी तरह पहाड़ों की रानी शिमला में भी इस साल पहली बार पारा 30 डिग्री पार कर गया है। लंबे समय के बाद लोग शिमला में तपिश का सामना कर रहे हैं। शिमला में मौसम के रूख से यहां घूमने आने वाले सैलानी भी अचंभित हैं। शिमला में अब तक उच्चतम तापमान 32 डिग्री रिकार्ड हुआ है।
बिलासपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री, चंबा में 39 डिग्री, नाहन, हमीरपुर व भुंतर में 37.5 डिग्री, सुंदरनगर में 37.2 डिग्री, धर्मशाला में 35.2 डिग्री, पालमपुर में 33.7 डिग्री, डल्हौजी में 29.1 डिग्री, कल्पा में 25 डिग्री, केलांग में 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गर्मी के कहर से दोपहर के समय बाजारों में आवाजाही कम देखी जा रही है। मैदानों में सूरज की तपिश इतनी बढ़ गई है कि सुबह 10 बजते ही धूप झुलसाने लगती है।
इस बीच सोमवार से भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। दरअसल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से मौसम का मिजाज बदलेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 से 19 मई तक प्रदेश के मैदानी व पर्वतीय भागों में अंधड़, बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जिसके कारण अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
मौसम विभाग ने 16 व 17 मई को मैदानी व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ भारी बारिश व ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति रफतार की गति से अंधड़ चलने की भी आशंका है।