शिमला, 09 मई : सेब खरीद का लाखों रुपया चुकता नहीं करने पर आंध्र प्रदेश के लदानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की एक टीम आंध्र प्रदेश गई थी, वहां से लदानी को गिरफ्तार कर शिमला लाई है। इसके खिलाफ शिमला के ठियोग में एफआईआर दर्ज हुई थी।
शिमला के मतियाणा के सेब आढ़ती देवेंद्र केवला ने पुलिस को दी, शिकायत में बताया था कि जुलाई 2021 में मोहन नाम के लदानी ने, जो दीवानचेरुवु राजमुंदरी, जिला पूर्वी गोदावरी (आंध्र प्रदेश) का रहने वाला है, उससे सेब खरीदे। उसकी दुकान दुर्गा भवानी फ्रूट्स कंपनी के नाम से है।
मोहन ने अलग-अलग पंचायतों से 5673 सेब की पेटियां खरीदी। इन सेब की पेटियों की कीमत 77 लाख 76 हजार 545 रुपए बनती हैं। उक्त लदानी ने 41 लाख 2 हजार 500 रुपए का भुगतान किया, जबकि 36 लाख 74 हजार रुपए का भुगतान अभी तक नहीं किया है। एसपी शिमला मोनिका भंटुगरू का कहना है आंध्र प्रदेश के इस लदानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही इसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
आढ़तियों और बागवानों के साथ हो रही ठगी के मामले में अब पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करने का प्लान बनाया है। इस बार जुलाई से होने वाले सेब सीजन में बाहरी राज्य से आने वाले लदानियों की पहले वैरिफिकेशन होगी। ताकि, वे किसी तरह की ठगी न कर सकें। बागवानों और सेब आढ़तियों के साथ हर सीजन में इस तरह की धोखाधड़ी होती है। बाहरी राज्य से लदानी आते हैं और सेब लेकर फरार हो जाते हैं।
लदानी बिहार, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक से ऊपरी शिमला में सेब कारोबार करने आते हैं। वर्ष 2016 से लेकर अब तक लगभग 150 से अधिक आढ़तियों की पेमेंट नहीं हुई हैं। कई आढ़तियों के करोड़ों रुपए नहीं चुकाए गए हैं।