मंडी,8 मई : राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार का कहना है कि आम आदमी पार्टी सिर्फ मीडिया में ही है, जनता के बीच कोई चर्चा नहीं है। यह बात उन्होंने रविवार को सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों से अनौपचारिक बातचीत में कही। डॉ. सिकंदर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में थर्ड फ्रंट की कोई बात ही नहीं है। आम आदमी पार्टी सिर्फ मीडिया में बयान देकर सुर्खियां बटोरने में लगी हुई है।
डॉ सिकंदर कुमार ने कहा कि वे राज्यसभा सांसद बनने के बाद पूरे प्रदेश के दौरे पर निकले हैं ताकि भाजपा के मिशन रिपीट के सपने को साकार किया जा सके। वे अपने दौरों के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार हिमाचल में भाजपा की 50 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनने जा रही है।
प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत के साथ फिर से सरकार बनने जा रही है। यहां पर भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला होता है, लेकिन कांग्रेस की हालत क्या हो चुकी है, यह सब को पता है। कांग्रेस ने कुनबे को संभालने के लिए पदाधिकारियों की फौज खड़ी कर दी है ताकि कोई दल छोड़कर न भागे। इतिहास में पहली बार अध्यक्ष के साथ कार्यकारी अध्यक्षों की फौज बनाई गई है। इसलिए प्रदेश में अब कोई भी ताकत भाजपा को मिशन रिपीट से नहीं रोक सकती।
डॉ. सिकंदर कुमार ने धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में खालिस्तान के झंडे लगाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि रात के अंधेरे में कोई ऐसी हरकत कर गया है, जिस पर राज्य सरकार ने तुरंत प्रभाव से संज्ञान लिया है और आरोपियों को तलाशा जा रहा है।
इस मौके पर उनके साथ भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं विधायक राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, जवाहर ठाकुर और भाजपा के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।