शिमला, 07 मई : राजधानी शिमला में नशीले पदार्थो की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस की सख्ती जारी है। शिमला पुलिस ने शनिवार तड़के शोघी उपनगर में लगाए गए नाके में अफीम की खेप के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.824 किलोग्राम अफीम पकड़ी गई है।
आरोपियों की पहचान विजय खतरी और विजय टिका के रूप में हुई है। ये दोनों नेपाल के मूल निवासी है। पुलिस की एसआईयू टीम को सुबह गश्त के दौरान ये कामयाबी मिली। उक्त दोनों आरोपी सुबह के समय पैदल आ रहे थे। इस दौरान गश्त कर रहे पुलिस के जवानों को देखकर घबरा गए और इन्होंने अपना रास्ता बदल लिया।
इस पर पुलिस का शक गहराया और दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए रोका गया, तथा इनके पास से अफीम बरामद हुई। बहरहाल दोनों अभियुक्तों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।