शिमला, 08 मई : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को डम्मी अध्यक्ष कहने पर कांग्रेस पार्टी ने भाजपा को आड़े हाथ लिया है। प्रदेश कांग्रेस सचिव बलदेव ठाकुर ने भाजपा के सह प्रभारी संजय टण्डन द्वारा पत्रकार वार्ता में दिए गए उस बयान को हास्यप्रद घिसियानी बिल्ली खम्बा नोचे जैसा बताया है, जिसमे संजय टण्डन ने प्रतिभा सिंह को डम्मी अध्यक्ष बताया था।
बलदेव ठाकुर ने शनिवार को एक बयान में कहा कि अभी कुछ महीने ही हुए है, जब कांग्रेस की वर्तमान अध्यक्षा ने भाजपा के प्रत्याशी को मंडी लोकसभा में धूल चटाकर ये साबित कर दिया था की प्रतिभा सिंह में शानदार नेतृत्व गुण है। बलदेव ठाकुर ने बताया कि प्रतिभा सिंह ने मंडी लोकसभा चुनाव ऐसे समय में जीते जब प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री भी मंडी जिला से है, और सबसे बड़ी बात है कि देश के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हिमाचल से ही है। पिछली बार भाजपा के प्रत्याशी लगभग पौने चार लाख के मतों से इस लोकसभा से जीते थे।
कहा कि प्रतिभा सिंह को कांग्रेस पार्टी ने ऐसे समय में लोकसभा चुनाव लड़ने का आग्रह किया था, जब उनके पति और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन को भी कुछ ही महीने हुए थे। उस समय भी विपरीत परिस्थितियों के बावजूद प्रतिभा सिंह ने अपने आप को साबित कर दिखाया। बलदेव ठाकुर ने कहा कि चार कार्यकारी अध्यक्षो की नियुक्ति एक रणनीति के तहत कांग्रेस हाईकमान ने की है, जिसका निश्चित तौर पर पार्टी को फायदा मिलेगा।