नाहन, 4 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के सराहां क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले बीजेपी नेता बलदेव भंडारी को नेशनल काउंसिल ऑफ स्टेट एग्रीकल्चरल मार्किटिंग बोर्डस (COSAMB) पदोन्नति मिली है। अब वो वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद से सीधे ही चेयरमैन के पद पर पदोन्नत हुए हैं। इस बाबत राष्ट्रीय परिषद राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक ने अधिसूचना भी जारी कर दी है।
नियुक्ति पर भंडारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व बीजेपी अध्यक्ष सुरेश कश्यप का आभार प्रकट किया है। उत्तराखंड में स्टेट एग्रीकल्चर मार्किटिंग बोर्ड के चेयरमैन को बदला गया है। वहां के चेयरमैन ही राष्ट्रीय चेयरमैन के पद पर काबिज थे।
बोर्ड के चेयरमैन सुबोध उन्याल के धामी सरकार में मंत्री बनने के बाद बदलाव हुआ है। हरेक राज्य के स्टेट एग्रीकल्चर मार्किटिंग बोर्ड के चेयरमैन को काउंसिल की कार्यकारिणी में रखा जाता है। इस कार्यकारिणी में भंडारी वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर तैनात थे।
भंडारी का इस नियुक्ति के बाद राजनीतिक कद बढ़ा है। इसमें कोई दो राय नहीं है कि समूची दुनिया के विकासशील देशों में कृषि उत्पादों के विपणन का महत्व बढ़ा है।
राष्ट्रीय काउंसिल खाद्यान्नों की खरीद व वितरण में एक अहम भूमिका निभाती है। गौरतलब है कि राजनीति में भंडारी का लंबा तजुर्बा है। पंचायती राज चुनाव जीतने में भी रिकॉर्ड है।
भाजपा के किसान मोर्चा में भंडारी का एक खास वर्चस्व रहा है। वो भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। 1985 में पहली बार पंचायत प्रधान भी बने थे। जामन की सैर से लगातार चुनाव जीतते रहे हैं। मौजूदा में भंडारी की बेटी भी बीडीसी की सदस्य है।