• Skip to primary navigation
  • Skip to main content
  • Team
  • Services
  • Contact
  • Matrimony

MBM NEWS NETWORK

Indian News

  • होम
  • हिमाचल प्रदेश
    • सिरमौर
    • सोलन
    • मंडी
    • उद्योग
    • दुर्घटनाएं
    • उद्योग
    • खेलकूद
  • सामान्य ज्ञान
  • साहित्य
  • विडियो
  • फिल्मी दुनिया
    • मनोरंजन
  • राजनैतिक
  • मनोरंजन
  • युवा
  • क्राइम
  • नेशनल
  • अंतर्राष्ट्रीय 
You are here: Home / हिमाचल प्रदेश / हमीरपुर / आपसी समन्वय से करें जनसमस्याओं का समाधान : विपिन सिंह परमार

आपसी समन्वय से करें जनसमस्याओं का समाधान : विपिन सिंह परमार

April 3, 2022 by MBM News Network

हमीरपुर, 03 अप्रैल : आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ किए गए जनमंच कार्यक्रम की 25वीं कड़ी में रविवार को सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ला में जनमंच आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों दाड़ला, चबूतरा, री, मनिहाल, बनाल और करोट के निवासियों की लगभग 50 समस्याओं की सुनवाई की गई। इनमें से अधिकांश जनसमस्याओं का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया। जबकि, अन्य समस्याओं के जल्द निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर विपिन सिंह परमार ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और नियमों-अधिनियमों को अमलीजामा पहनाना तथा इन्हें आम जनता तक पहुंचाना सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी होती है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जनमंच में अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की है तथा इस कार्यक्रम के माध्यम से आम जनता तक पहुंचने का सराहनीय प्रयास किया है। इससे प्रदेश में लोकतांत्रिक व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित हो रहा है। जनमंच में प्रदेश सरकार स्वयं जनता के पास पहुंचकर जन समस्याओं का निवारण करती है।

जन समस्याओं के निवारण के साथ-साथ जनमंच में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विभागीय प्रदर्शनियां भी लगाई जाती हैं, तथा इन योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जाता है। विपिन सिंह परमार ने कहा कि अच्छे समाज की परिकल्पना तभी साकार होती है जब सभी लोग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

विस अध्यक्ष ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की गिनती भारत के अग्रणी राज्यों में की जाती है। सरकार और प्रदेशवासियों के सामूहिक प्रयासों से ही यह संभव हुआ है। आज हिमाचल निरंतर नई बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के मुख्यमंत्रित्वकाल में भी हिमाचल प्रदेश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए थे। अब जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में हिमाचल निरंतर आगे बढ़ रहा है। लोगों के कल्याणार्थ नई योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं तथा समाज के हर वर्ग को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिस, सफाई कर्मचारियों और अन्य कोरोना योद्धाओं ने बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए ये सभी बधाई के पात्र हैं। 

इस अवसर पर विपिन सिंह परमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनमंच में उठाई गई सभी समस्याओं को निर्धारित समय अवधि में निपटाएं तथा कृत कार्रवाई से उन्हें भी अवगत करवाएं। इस मौके पर एडीएम जितेंद्र सांजटा ने जनसमस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया तथा विधानसभा अध्यक्ष द्वारा जारी किए गए विभिन्न दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ठाकुर, जिला परिषद सदस्य कैप्टन रणजीत सिंह, एसपी डॉ. आकृति शर्मा, एसडीएम हरीश गज्जू, बीडीओ निशांत शर्मा, अन्य अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

44 महिलाओं को टूल किट और 32 महिलाओं दिए गैस कनेक्शन
जनमंच के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने बेटी है अनमोल योजना के तहत 4 कन्याओं को एफडी के दस्तावेज प्रदान किए। उन्होंने 44 महिलाओं को हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम की ओर से बांस कला की टूल किट वितरित कीं। विपिन सिंह परमार ने मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 32 महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन बांटे।

ढाई सौ लोगों का किया मेडिकल चैकअप
जनमंच के दौरान स्वास्थ्य और आयुर्वेद विभाग द्वारा मेडिकल जांच शिविर भी लगाए गए। इस दौरान आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने 200 से अधिक लोगों की जांच की और उन्हें दवाइयां वितरित की। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों ने भी 48 लोगों का चेकअप किया, तथा लोगों को टैस्ट भी किए।

Filed Under: हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश Tagged With: Hamirpur News, Himachal News In Hindi



Copyright © 2022