नाहन, 01 अप्रैल : भाजपा के स्थापना दिवस 6 अप्रैल के बाद हिमाचल में महा जनसंपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। इस अभियान में सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। यह जानकारी सिरमौर जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने वीरवार को पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि 2022 में मिशन रिपीट के लिए पूरी ताकत झोंकी जाएगी। भाजपा का एक एक कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के बारे में जानकारी देगा। इसके साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर पार्टी के झंडे लगाए जाएंगे और भाजपा के इतिहास व विकास पर भी चर्चा की जाएगी।
भाजपा बूथ पालक के घरों के बाहर नेम प्लेट लगाई जाएगी। इसके साथ ही केंद्र तथा प्रदेश सरकार की किसी भी योजना का लाभ लेने वाले लाभार्थी को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से पत्र भी प्रेषित किए जाएंगे। गुप्ता ने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र के 562 ग्राम केंद्रों पर 2 से 8 अप्रैल तक महा जनसंपर्क अभियान होगा। 14 अप्रैल को डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर एससी मोर्चा के कई कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही नाहन के आईएसबीटी बस स्टैंड पर डॉक्टर भीमराव की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। 25 से 28 अप्रैल तक त्रिदेव सम्मेलन होंगे। इसके साथ ही बूथ पालक, बीएलए व त्रिदेव सम्मेलन भी आयोजित होंगे। त्रिदेव सम्मेलन में क्यूआर कोड कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा।
विशेष सम्मेलन में क्यूआर कोड वाले कार्यकर्ता ही मौजूद होंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 2500 समितियां बनाई जाएंगी तथा यह समितियां 17 मई से 25 जून तक जनसंपर्क अभियान करेंगे। 23 जून को भाजपा के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती है। उस दिन विशेष कार्यक्रम किए जाएंगे। इसके साथ ही 6 जुलाई को पंच परमेश्वर सम्मेलन अपने-अपने विस क्षेत्रों में कार्यकर्ता करेंगे। भाजपा के पहले 7 मोर्चा थे, जो कि अब आईटी तथा सोशल मीडिया के साथ बढ़कर नौ मोर्चा हो गए हैं। इन सभी मोर्चा के पदाधिकारियों के लिए 15 से 31 जुलाई तक प्रशिक्षण शिविर मंडल स्तर पर आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि 26 जुलाई को कारगिल दिवस पर पूर्व सैनिकों तथा तथा वीर नारियों को सम्मानित किया जाएगा। 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। विनय गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में हर गली मोहल्ले में भाजपा का कार्य करता है तथा जो कि मिशन रिपीट 2022 में सहायक सिद्ध होगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा 4 वर्षों में किए गए कार्यों की एक बुकलेट प्रकाशित की जा रही है, जिसे भी घर घर तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री, मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, विधायक तथा 2017 के चुनाव में प्रत्याशी रहे सभी अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क करेंगे। पंचायती राज संस्थाओं के सभी प्रतिनिधि जिसमें पंचायत वार्ड सदस्य, उपप्रधान, प्रधान, बीडीसी व जिला परिषद सहित सभी सरकार की नीतियों का प्रचार प्रसार करेंगे।