शिमला, 31 जनवरी : हिमाचल प्रदेश कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक राज्य सचिवालय में चल रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कोरोना बंदिशों में रियायतों को लेकर चर्चा के उपरांत सरकारी दफ्तरों में लागू की गई फाइव डे वीक की व्यवस्था को खत्म कर दिया है। साथ ही दफ्तरों में कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति को भी मंजूरी दे दी है।
इससे पहले सरकारी दफ्तरों में 50 फीसदी कर्मचारियों को ही बुलाया जा रहा है। अब कर्मचारियों को पहली फरवरी से नियमित रूप से दफ्तरों आना होगा। कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते प्रदेश सरकार ने बीते 10 जनवरी को फाइव डे वीक के साथ दफ्तरों में कर्मचारियों की 50 फीसदी उपस्थिति की व्यवस्था को लागू किया था।
कैबिनेट ने 9वीं से 12वीं की कक्षाओं वाले ग्रीष्मकालीन स्कूलों को 3 फरवरी से खोलने का निर्णय लिया है। जबकि पहली से 8वीं कक्षाओं के बच्चों की पहले की तरह ऑनलाइन पढ़ाई जारी रहेगी। कैबिनेट ने निर्णय लिया है कि बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा, जो मार्च अंत तक चलेगा।