आशीष शर्मा/कांगड़ा : उपमंडल ज्वालामुखी के तहत तहसील खुंडियां की बारिकलां पंचायत में दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हालांकि व्यक्ति को बचाने की भरसक कोशिश की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचे से पहले ही व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे का बताया जा रहा है। मृतक व्यक्ति ब्रह्मदास अपनी ही पंचायत के वार्ड नंबर दो नरगोटा में मनरेगा के तहत बन रही बावड़ी के कार्य में मजदूरी पर लगा हुआ था। बावड़ी के लिए खुदाई करते समय अचानक मलबा गिरा, जिससे वह उसकी चपेट में आ गया। बावड़ी में ब्रह्मदास के साथ दो महिलाएं भी काम पर लगी हुई थी जो सुरक्षित हैं। अचानक हुई इस घटना से बाकी के सभी मजदूर भी सहम गए। उन्होंने बड़ी मशक्कत से मजदूर को मलबे से निकाला।
पंचायत प्रधान सतबीर कुमार को हादसे की सूचना दी गई। जिस पर वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के शिकार हुए ब्रह्मदास को नजदीकी पनहार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंची, जहां प्रत्यक्षदर्शियों व मृतक के परिजनों के बयान कलमबद्ध किए गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। डीएसपी चंद्रपाल ङ्क्षसह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।