कुल्लू, 09 जनवरी : पर्यटन नगरी मनाली के भजोगी में रविवार दोपहर बाद पांच मंजिला मकान में आग लगने से गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। आग से मकान की डेढ़ मंजिल पूरी तरह से जल गई है। इससे लाखों के नुकसान का आंकलन किया गया है। वहीं आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है।
जानकारी के अनुसार कुल्लू-मनाली के भजोगी वार्ड-2 निवासी उत्तम चंद के घर में रविवार दोपहर बाद अचानक आग लग गई। आसपास के लोगों ने मकान से धुआं निकलते देखा। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई।
साथ ही लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इसी दौरान मकान में रखा सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। जिसकी आवाज से क्षेत्र के लोग सहम उठे। जिस समय आग लगी उस समय भारी हिमपात हो रहा था। बर्फ़बारी के कारण अग्निशमन विभाग की टीम को पहुंचने में थोड़ा समय लग गया।
जब अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची तब आग पूरी मंजिल में फैल चुकी थी, परन्तु कर्मचारियों ने आग को काबू पा लिया। वहीं आस-पास के घर को भी जलने से बचा लिया गया। पड़ोसी बालकु व यशपाल ने बताया कि आग लगने से उनको भी खतरा हो गया था। उन्होंने बताया कि पड़ोसियों की मदद से अपने घरों को बचाने में सफल रहे हैं।