नाहन, 9 जनवरी : सिरमौर में 6 दिन के भीतर लगभग साढ़े 12 प्रतिशत कोविड केस बढ़े हैं। ये दर आंशिक तौर पर अधिक भी हो सकती है, क्योंकि एक्टिव केस 237 हैं। इसमें रिकवरी की दर अलग है। लेकिन मोटे तौर पर 3 जनवरी को जहां मात्र 19 एक्टिव केस थे, वहीं रविवार शाम 9 जनवरी को ये संख्या 237 पहुंच गई। औसत पॉजिटिविटी दर 6 फीसदी के आसपास है। 3 से 9 जनवरी के बीच आरटी पीसीआर व रैट के 3910 टैस्ट किए गए। इसमें 237 संक्रमित पाए गए।
6 जनवरी को सबसे अधिक पॉजिटिविटी दर रही। 565 में से 56 पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद 8 जनवरी को ये आंकड़ा 9 प्रतिशत रहा। 4 जनवरी को पाॅजिटिविटी दर 2 प्रतिशत थी। हालांकि, सैंपलिंग का आंकड़ा धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है, लेकिन 7 जनवरी को इस अवधि में सबसे अधिक 863 टैस्ट हुए, इसमें 43 नए मामले सामने आए। बता दें कि कोविड की दूसरी लहर में सिरमौर की पाॅजिटिविटी दर एक मर्तबा 30 फीसदी का आंकड़ा पार कर गई थी। हालांकि, कोविड की पाॅजिटिविटी दर समूचे हिमाचल में बढ़ रही है, लेकिन सिरमौर में भी बात चिंताजनक नजर आ रही है।
इस अवधि में रविवार को ही लंबे अरसे बाद कोविड से डैथ भी रिपोर्ट हुई। नागल सकेती के रहने वाले एक शख्स ने दम तोड़ दिया। मगर कोविड के इस दौर में एक बात अहम नजर आ रही है कि 95 प्रतिशत से अधिक संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं। उधर, जहां तक प्रदेश का सवाल रहा तो 24 घंटे के भीतर राज्य में कोविड के 498 नए मामले आए। इसके साथ राज्य में एक्टिव केस का आंकड़ा 3148 पहुंचा है।