शिमला, 07 जनवरी : हिमाचल प्रदेश में मौेसम के तेवर अभी और बिगड़ेंगे, जिससे लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिन यानी 8 व 9 जनवरी को प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी होने की आशंका है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 8 जनवरी को मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश तथा पर्वतीय क्षेत्रों में भारी हिमपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में नौ जनवरी को भी भारी हिमपात का येलो अलर्ट रहेगा।
सुरेंद्र पाल ने कहा कि तेज पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिन किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी हिमपात के प्रबल आसार हैं। नौ जनवरी को चंबा, कांगड़ा व कुल्लू जिलों में व्यापक बारिश हो सकती है। इस कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन हो सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में 10 जनवरी को बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। मध्य पर्वतीय व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 11 जनवरी को भी मौसम खराब रहेगा, जबकि मैदानी भागों में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। इस बीच राज्य भर में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है।
लाहौल-स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान -9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान -4.1 डिग्री, मनाली में शून्य डिग्री, शिमला में 3.2 डिग्री, सुंदरनगर में 5.5 डिग्री, भुंतर में 5.2 डिग्री, धर्मशाला में 4.2 डिग्री, उना में 8.6 डिग्री, नाहन में 9.3 डिग्री, पालमपुर में 6.5 डिग्री, सोलन में 4.7 डिग्री, कांगड़ा में 8.4 डिग्री, मंडी में 7 डिग्री, बिलासपुर में 9 डिग्री, हमीरपुर में 8.8 डिग्री, चंबा में 7.6 डिग्री, डल्हौजी में 1.5 डिग्री, कुफरी में -1 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 5.6 डिग्री, पांवटा साहिब में 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा।