शिमला, 04 जनवरी : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा आम लोगों की समस्याओं व शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए 2019 में शुरू की गई मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन में आने वाली शिकायतों का निपटारा करने में पुलिस ने बाजी मार ली है। सरकार के अन्य विभागों से पुलिस हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों का निपटारा करने में आगे निकल चुकी है। साल 2021 के अक्टूबर माह को किए गए आकलन के अनुसार प्रदेश में सभी विभागों में से पुलिस विभाग की शिकायतों को निपटाने की दर उत्तम पाई गई है।
मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन में अब तक 30718 शिकायतें/समस्याएं आम नागरिकों द्वारा उठाई जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन में आई शिकायतों में 30288 शिकायतों का पुलिस विभाग द्वारा निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जा चुका है और 490 शिकायतें निर्धारित समय सीमा के बावजूद भी अभी लंबित हैं। पुलिस विभाग द्वारा 75.5 फीसदी जिन शिकायतों का निपटारा किया गया है, उनमें शिकायतकर्ता की पूर्ण संतुष्टि के स्तर पर किया गया है, जो प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित किये गए लक्ष्य के अनुरूप है।
बता दे कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा आम लोगों की समस्याओं व शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए 2019 में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन का शुभारंभ किया गया था। इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेशवासी टोल फ्री नंबर 1100 के माध्यम से शिकायत एवं समस्या दर्ज करवा सकते है। इस सुविधाजनक एवं प्रभावी माध्यम का आम नागरिकों द्वारा भरपूर उपयोग किया जा रहा है।