कुल्लू, सोलन/4 जनवरी : आनी सदर थाना पुलिस ने कांगड़ा जिला के एक युवक को चरस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आनी पुलिस की एक टीम रात्रि गश्त पर थी, इस दौरान उपमंडल मुख्यालय आनी से करीब 5 किलोमीटर दूर नागन के पास रात करीब 1:45 बजे एक व्यक्ति को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। टीम को एक व्यक्ति पैदल चलता हुआ मिला। पुलिस ने जब व्यक्ति से इतनी रात को पैदल चलने का कारण पूछा तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
शक के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई तो व्यक्ति की पीठ में डाले गए बैग से पुलिस को 150 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके 6 गोले बनाए गए थे। पुलिस ने चरस को अपने कब्जे में लेकर व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार करने के बाद व्यक्ति के खिलाफ सदर थाना आनी में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार चरस के साथ गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान 27 वर्षीय दीपक कुमार पुत्र राजकुमार निवासी जयसिंहपुर, कांगड़ा के रूप में हुई है।
उधर बद्दी के तहत मानपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से किशनपुरा में चरस सप्लाई कर रहे चंबा के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। चंबा के भांदल निवासी चमन लाल किशनपुरा में चरस की सप्लाई कर रहा था। सूचना मिलते ही बद्दी व मानपुरा पुलिस ने उक्त व्यक्ति को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 149 ग्राम चरस बरामद हुई है। पुलिस ने चमन लाल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी नवदीप सिंह ने मामले की पुष्टि की है।