संगड़ाह, 01 जनवरी : बाइक हादसे के मृतक पंजाह के मनोज कुमार रिंटा का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शुक्रवार को हरिपुरधार-रोनहाट मार्ग पर बाइक की प्राइवेट बस से टक्कर में सेना में कार्यरत 25 वर्षीय मनोज कुमार व 28 वर्षीय मदन की मौत हो गई थी। शनिवार सुबह ददाहू मे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
मनोज के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में दो युवकों के निधन से माहौल गमगीन है। चचेरे भाई निक्का रिंटा ने बताया कि, मनोज के बड़े भाई नरेश की मृत्यु भी करीब 2 साल पहले एक दुर्घटना में हुई थी, वहीं दूसरे भाई रोशन रिंटा का निधन भी करीब 8 माह पहले ट्रक हादसे में हुआ। परिवार में अब कमाने वाले केवल एक मात्र भाई सुरेश रिंटा बचे है, जबकि पिता नैन सिंह का निधन काफी अरसा पहले हो चुका है।
कश्मीर में 19- डोगरा रेजिमेंट में तैनात मनोज 5 दिन पहले घर आया था। परिवार शादी की कोशिश में लगा हुआ था। एसडीएम संगड़ाह डॉ विक्रम नेगी ने बताया कि सेना में कार्यरत मनोज तथा दूसरे मृतक मदन के परिजनों को प्रशासन की तरफ से 20-20 की फौरी राहत राशि जारी की गई है। 4-4 लाख की राहत सरकार की तरफ से जारी होगी। भारतीय सेना के जवान मनोज के अंतिम संस्कार में प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार हरिपुरधार सतेंद्र सिह भी शामिल हुए। पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर सेना के आधा दर्जन जवानों की टुकड़ी पंजाह गांव पहुंची तथा सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
डीएसपी शक्ति सिंह ने बताया कि दुर्घटना को लेकर निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसी पंचायत की रहने वाली सिरमौर जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल सहित क्षेत्र के भाजपा व कांग्रेस नेताओं तथा पूर्व सैनिक संगठन ने सेना के जवान के निधन पर शोक जताया है।.