नाहन/अंजू शर्मा : हिमाचल प्रदेश मास्टर्स खेल एसोसिएशन द्वारा नगरपालिका मैदान पांवटा साहिब में राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित की। जिसमें बहुउद्देशीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा मंत्री, हिमाचल प्रदेश सुख राम चौधरी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया।
गिरिपार क्षेत्र के टिटियाना की फॉरेस्ट गार्ड बबीता शर्मा ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। बबीता ने 35 प्लस उम्र में 3 गोल्ड मैडल हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गार्ड बबीता शर्मा ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में भाग लिया। तीनो स्पर्धाओं में बबीता पहले स्थान पर रही। जिससे उसने गोल्ड मैडल की हैट्रिक लगा दी।
गोर हो कि इससे पहले भी बबीता ने गत माह बनारस में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता व देशभर में प्रदेश का नाम रोशन किया है। अब प्रदेश स्तरीय इस प्रतियोगिता में तीन गोल्ड मैडल हासिल किए है। अब वह हैदराबाद में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेगी।
हालांकि वर्तमान में बबीता वन्य प्राणी विभाग में पांवटा साहिब में सेवाएं दे रही हैं। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अगर मन में कुछ करने का जुनून हो तो उम्र बाधा नहीं बनती। उन्होंने कहां कि खेल हमारे लिए बहुत ही लाभदायक हैं क्योंकि वे हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन, समूह में कार्य करना और लगन सिखाते हैं। यदि हम खेल का नियमित अभ्यास करें, तो हम अधिक सक्रिय और स्वस्थ रह सकते हैं और हमें बहुत से रोगों से सुरक्षित करने में मदद करता है। ऊर्जा मंत्री ने मास्टर्स खेल एसोसिएशन को अपनी ऐच्छिक निधि से 31 हज़ार की राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर मास्टर्स खेल एसोसिएशन के महासचिव भीष्म चौहान ने मास्टर्स खेल एसोसिएशन की गतिविधियों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में 30 वर्ष से 100 वर्ष तक के प्रतिभागी भाग ले सकते है तथा आज यहां 30 वर्ष से 75 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने भाग लिया।इस से पूर्व ऊर्जा मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह पांवटा साहिब में प्रेस वार्ता को संबोधित किया।