मंडी (वी. कुमार) : अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या पंजाबी गायक मिक्का सिंह के नाम रही। मिक्का सिंह रात करीब 8 बजे मंच पर पहुंचे और 10 बजे तक दर्शकों का खूब मनारेंजन किया। मिक्का सिंह के कार्यक्रम को लेकर दर्शकों में भारी उत्साह था और पंडाल पूरी तरह से खचाखच भरा हुआ था। इस सांस्कृतिक संध्या में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उनके साथ उनके सुपुत्र आश्रेय शर्मा और उनकी बहू राधिका गंभीर शर्मा सहित परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। वहीं सांसद राम स्वरूप शर्मा, सराज से भाजपा विधायक जय राम ठाकुर और नाचन से भाजपा विधायक विनोद कुमार भी विशेष अतिथि के रूप में शरीक हुए।
मंच पर आते ही मिक्का सिंह ने अपने आने वाले गाने को गाया। मिक्का सिंह का नया गाना ’’आजा नी आजा बिल्लो’’ 18 मार्च को रिलीज़ हो रहा है। मिक्का सिंह ने जैसे ही इस गाने को गाने की इच्छा जाहीर कि वैसे ही इस गाने की सीडी प्ले कर दी गई। एक दम से साउंड सिस्टम में आये बदलाव को सभी ने भांप लिया कि मिक्का सिंह खुद न गाकर इस गाने का आडियो क्लिप सुना रहे हैं।
इस बात का प्रमाण तब मिल गया जब मिक्का सिंह ने गाना गाते वक्त अपना माईक दर्शकों की तरफ किया और पीछे से आडियो ट्रेक चलता रहा। दर्शकों में इस बात को लेकर थोड़ी निराशा देखने को मिली कि अगर आडिया ट्रेक ही सुनाना था तो उसे हर व्यक्ति अपने म्यूजिक सिस्टम पर सुन सकता था जबकि लाईव परफारमेंस देने आये मिक्का सिंह को खुद यह गाना दर्शकों को सुनाना चाहिये था। बता दें कि इससे पहले भी मिक्का सिंह दो बार शिवरात्रि महोत्सव में अपनी परफारमेंस दे चुके हैं और उस दौरान भी इन पर आडियो ट्रेक चलाकर गाने सुनने का आरोप लग चुका है।