शिमला, 25 दिसंबर : शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकारी कैलेंडर 2022 जारी किया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तस्वीर प्रकाशित हुई है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री को गुलदस्ता भेंट किया जा रहा है। इसी बीच शाम होते-होते कैलेंडर पर स्व. वीरभद्र सिंह की तस्वीर संपादित होकर सोशल मीडिया में वायरल होने लगी।
यूजर्स का एक तबका इसे 2022 का असल कैलेंडर समझ बैठा। सरकार की तारीफ भी शुरू होने लगी। जैसे ही कमेंट बाॅक्स में आधिकारिक कैलेंडर की तस्वीरें अपलोड होनी शुरू हुई तो धीरे-धीरे यूजर्स को ये बात समझ भी आने लगी कि सरकार के आधिकारिक कैलेंडर पर दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की तस्वीर नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की तस्वीर को जगह दी गई है।
खैर, इस बात से एक विचार उभर कर जरूर सामने आ गया कि क्या वो समय भी आ सकता है, जब वास्तव में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विरोधी राजनीतिक दल की भी तारीफ हुआ करेगी। इस बात से कोई इत्तफाक ही नहीं रख सकता कि दिवंगत वीरभद्र सिंह हिमाचल के इतिहास में एक जननायक के रूप में दर्ज हुए हैं। बेशक ही कैलेंडर पर दिवंगत वीरभद्र सिंह की तस्वीर आधिकारिक नहीं थी, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स की मानें तो जंच रही थी।
सरकार के आधिकारिक कैलेंडर को जारी करने के दौरान मुद्रण व लेखन सामग्री विभाग की नियंत्रक प्रभा राजीव, सहायक नियंत्रक उमा शंकर, ईश्वर दास, कुलदीप चंद व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सोशल मीडिया के एक यूजर ने लिखा, कैलेंडर तो होता रहेगा, लोगों के दिलों में तो राजा साहब ही रहेंगे।