रोहनाहट, 25 दिसंबर : इन दिनों हिमाचल के कॉलेज सुर्ख़ियों में है। आए दिन कॉलेज कुश्ती के अखाड़े बनते जा रहे है। वहीं, रोहडू के पीजी कॉलेज सीमा के प्राचार्य पर एक छात्रा ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी प्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमा कॉलेज की एक छात्रा ने कॉलेज में गठित वूमेन सेल को प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। छात्रा ने प्राचार्य पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। पीड़ित छात्रा ने प्रिंसिपल की एक रिकॉर्डिंग भी वूमेन सेल सुनाई। इसके बाद कॉलेज में छात्राओं के अधिकारों की रक्षा व सुरक्षा के लिए गठित वूमेन सैल की तरफ से पुलिस थाना रोहडू में प्राचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करावाई गई है।
इस मामले में आरोप है कि कॉलेज प्रिंसिपल छात्रा को मोबाइल पर फोन कर बरगलाने का प्रयास कर रहा था। प्रधानाचार्य के इस घिनौने काम की छात्रा के पास रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें वह कॉलेज के महिला स्टाफ को लेकर पर भी आपत्तिजनक बातचीत कर रहे हैं। पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर प्रिंसिपल के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 ए और डी के तहत एफआईआर दर्ज कर दी है।
डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया पुलिस आरोपित प्राचार्य की तलाश कर रही है।