कांगड़ा/ आशीष शर्मा : कांगड़ा थाना के तहत महिला की लैंटर से गिरकर मौत हो गई है। घायल अवस्था में टांडा पहुंची महिला ने पड़ोसी पर लैंटर से नीचे गिराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि वीरवार शाम को सूचना मिली कि बड़ी हलेड़ में शकुन्तला देवी (60) से उसके पड़ोसी विचित्र सिंह ने गाली-गलौच किया व लैंटर से धक्का देकर नीचे फैंक दिया।
शकुन्तला देवी की बहू ने बताया कि उसकी सास के साथ आरोपी गाली-गलौज करने लगा और धमकी देने लगा कि आज तुझे देख लेता हूं, जिसके बाद उसने धक्का-मुक्की शुरू कर दी।जब वह अपनी सास को छुड़वाने के लिए गई तो आरोपी विचित्र सिंह ने सास को धक्का देकर लैंटर से नीचे गिरा दिया। दोनों परिवारों का मकान साथ-साथ है और एक-दूसरे के लैंटर तक आया जाया जा सकता है। लैंटर से नीचे गिरी सास को घायल अवस्था में उपचार के लिए डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा पहुंचाया गया।
शकुन्तला देवी ने पुलिस को बयान दिया कि आरोपी ने उसे धक्का देकर लैंटर से नीचे गिराया है। पुलिस ने इस मामले में पहले धारा 452, 323, 504 के तहत मामला दर्ज किया था। उपचार के दौरान देर शाम महिला की मौत हो गई जिसके बाद धारा 302 के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।