हमीरपुर, 22 दिसंबर : जंदडू में एक 42 वर्षीय महिला की सड़क से निचे लगभग 20 फुट गिरने से मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उक्त महिला घर से कुछ दूरी पर बनी पशुशाला से घर आ रही थी कि अचानक डंगे से उसका पांव फिसल गया और वह लगभग 20 फुट नीचे लुढ़क गई। महिला को घायल अवस्था में सुजानपुर अस्पताल लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएचओ सतपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकुमारी (42) पत्नी रंजीत सिंह घर के पास अचानक फिसल गई और वह नीचे गिर गई और गंभीर अवस्था में घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए सुजानपुर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेजा जा रहा है। मृतका का पति मेहनत मजदूरी करता है। मृतका अपने पीछे पति और दो बच्चे छोड़ गई है। ग्राम पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने पीड़ित परिवार को प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।