नाहन, 22 दिसंबर : 19 दिसंबर से शुरू हुई महिला पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया जारी है। चार दिन के आंकड़ों के मुताबिक इस प्रक्रिया में 4810 उम्मीदवारों को शारीरिक परीक्षा के लिए रजिस्टर किया गया था। इसमें से 3778 ने ही परीक्षा में हिस्सा लिया। चार दिन में 1574 लड़कियों ने शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, जो लिखित परीक्षा के लिए पात्र हो गई हैं। तीन चरणों में भर्ती प्रक्रिया आयोजित हो रही है। फिजिकल टैस्ट के बाद लिखित परीक्षा होनी है, अंतिम चरण में साक्षात्कार के बाद ही परिणाम घोषित होगा।
पुलिस में भर्ती होने का युवाओं में खासा क्रेज है। सुबह 6 बजे से ही एसपी कार्यालय परिसर में शारीरिक परीक्षा में हिस्सा लेने के लिए लड़कियों का सैलाब उमड़ पड़ता है। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया सामान्य तरीके से चल रही है, लेकिन रविवार को शारीरिक परीक्षा के दौरान एक प्रतिभागी को चक्कर आने की शिकायत भी सामने आई थी। भर्ती को लेकर पुलिस महकमे ने चंबा ग्राऊंड को चकाचक किया हुआ है।
डीएसपी (मुख्यालय) मीनाक्षी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया सामान्य चल रही है। उन्होंने कहा कि लिखित परीक्षा के लिए 1574 उम्मीदवार सफल हुए हैं। हर दिन की परीक्षा का नतीजा उसी दिन घोषित किया जा रहा है।