हमीरपुर,21 दिसंबर : सदर थाना के तहत एक मजदूर ने चंद पैसों के लिए अपने ही साथी की पीठ में छुरा घोंप दिया। घायल मजदूर का मेडिकल कॉलेज में उपचार करवाया गया है। मजदूर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला है।
वहीं, आरोपी भी इसके साथ ही काम करता था जो गोरखपुर का रहने वाला है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों टाइल का काम करते थे। इन दोनों में चंद पैसों को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद तैश में आकर मजदूर ने अपने साथी की पीठ में छुरा घोंप दिया।
एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अभी इस मामले में डॉक्टर की राय का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।