चंबा, 19 दिसंबर : चंबा-लंगेरा मार्ग पर खुंडी मराल के समीप एक पिकअप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि गाड़ी चालक घायल हो गया। यह हादसा रविवार को सुबह के समय पेश आया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके की ओर पहुंची।
वहीं, गाड़ी गिरता देख राहत और बचाव कार्य के लिए खाई में नीचे जाते समय एक व्यक्ति पांव फिसलने से घायल हो गया। जिसका उपचार सिविल अस्पताल किहार में चल रहा है। जबकि गाड़ी चालक को किहार में प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया है। पुलिस ने भादंसं की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आगामी जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह गाड़ी सुबह के समय लंगेरा की तरफ आ रही थी। गाड़ी को चालक आयुब पुत्र नजीर मुहम्मद गांव जलाड़ी डाकघर संगणी तहसील सलूणी चला रहा था। जबकि त्रिलोक कुमार पुत्र चतर सिंह गांव लगेरा डाकघर संंघणी तहसील सलूणी जिला चंबा गाड़ी में सवार था। जो ग्राम पंचायत भांदल के वार्ड लंगेरा का वार्ड सदस्य भी है। जैसे ही गाड़ी खुंडीमराल से करीब दो किलोमीटर पीछे पहुंची तो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 70 मीटर नीचे खाई लुढ़क गई।
गाड़ी गिरने की आवाज सुन महिंद्र पुत्र हरी राम गांव लंगेरा डाकघर संघणी जिला चंबा राहत और बचाव कार्य के लिए उतरा। मगर पांव फिसलने के चलते वह घायल हो गया। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां त्रिलोक कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गाड़ी चालक को प्राथमिक उपचार के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया।
वहीं, महिंद्र का उपचार सिविल अस्पताल किहार में ही चल रहा है। एसपी अरूल कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे में गाड़ी चालक घायल हुआ है। जबकि गाड़ी सवार एक व्यक्ति की मौत हुई है। राहत व बचाव कार्य के लिए जा रहा व्यक्ति पांव फिसलने से घायल हुआ है। कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।