जोगिंद्रनगर/लक्की शर्मा : शनिवार रात करीब 12:30 बजे तहसील लडभड़ोल के गांव भरारपट् में एक भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। यहां प्यार चंद सिंह व विनोद कुमार सिंह का आशियाना अचानक आग की चपेट में आ गया। लोगों ने घटना की सूचना अग्निशमन विभाग जोगिंदरनगर को दी साथ ही ग्रामीण भी आग को काबू करने में जुट गए। कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया।
गनीमत यह रही कि अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। गांव के युवाओं ने अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए भारी नुकसान होने से बचा लिया। जिस मकान में आग लगी थी सिर्फ 2 फीट की दूरी पर ही दूसरा मकान भी था जिससे उस मकान में भी आग लगने का खतरा बना हुआ था। लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। अग्निशमन विभाग का भी इसमें बड़ा सहयोग रहा। हालांकि, अभी तक आग के लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
परिवार ने बताया कि लगभग 7-8 लाख के नुकसान का अंदेशा है। जोगिंदरनगर विधायक प्रकाश राणा, नायब तहसीलदार पूर्ण चंद कौडल, जिला परिषद सदस्य ममता भाटिया ने घटनास्थल का दौरा किया। नायब तहसीलदार पूर्ण चंद कौडल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर जाकर नुकसान का आंकलन किया गया है। सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को यथासंभव मुआवजा दिया जाएगा।